Wednesday, 8 April 2020

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और पीएम मोदी के प्रति जताया आभार, कहा- 'इस मदद को भुलाया नहीं जाएगा'

नई दिल्ली: 
अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाइड्रॉक्सी क्लोरोक्वीन की मदद के लिए भारत और पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद कहा है. ट्रंप ने ट्वीट किया, 'असाधारण समय में  दोस्तों के बीच निकटतम सहयोग की आवश्यकता रहती है. भारत और भारत के लोगों को धन्यवाद . इसे भुलाया नहीं जाएगा. कोरोना से लड़ने में पीएम मोदी न सिर्फ भारत बल्कि मानवता की सहयता की है. इस मजबूत नेतृत्व के लिए आपका धन्यवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी."

इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनके देश ने कोरोनावायरस की महामारी से लड़ने के लिए हाइड्रॉक्सी क्लोरोक्वीन की 2.9 करोड़ खुराक खरीदी है, जिसमें भारत की बहुत बड़ी हिस्सेदारी है. इसके साथ ही ट्रंप ने कहा कि जब उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मलेरियारोधी दवा की बिक्री की इजाजत देने के लिए मदद मांगी तो उनकी प्रतिक्रिया ‘‘बहुत अच्छी'' थी. ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले हफ्ते फोन पर बात की थी, जिस दौरान ट्रंप ने मोदी से हाइड्रॉक्सी क्लोरोक्वीन के अमेरिकी ऑर्डर पर रोक हटाने का अनुरोध किया था, जिसका भारत प्रमुख निर्माता है.

अमेरिकी खाद्य एवं दवा प्रशासन ने कोविड-19 के उपचार के लिए संभावित दवा के रूप में हाइड्रॉक्सी क्लोरोक्वीन की पहचान की है और न्यूयॉर्क में 1,500 से अधिक कोरोनावायरस संक्रमण के मरीजों पर इसका परीक्षण किया जा रहा है. ट्रंप ने यह अनुमान लगाते हुए कि इस परीक्षण का सकारात्मक परिणाम होगा, हाइड्राक्सी क्लोरोक्वीन की 2.9 करोड़ से अधिक खुराक खरीदी हैं. 

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home